विकसित बिहार और आत्मनिर्भर भारत के लिए एनडीए एकमात्र विकल्प: एनडीए

WhatsApp Channel Join Now
विकसित बिहार और आत्मनिर्भर भारत के लिए एनडीए एकमात्र विकल्प: एनडीए


बांकीपुर से एनडीए उम्मीदवार की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित:एनडीए

पटना, 26 जुलाई (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ का प्रचार-कार्य अपने चरम पर है। आज प्रकोष्ठ ने बांकीपुर में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में सघन जनसम्पर्क अभियान चलाया और स्थानीय बैंक रोड स्थित ‘अमर-प्रेम भवन’ में बड़ी सभा की। इस सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विशाल साह, विधायक व पूर्व मंत्री राणा रणधीर सिंह, जदयू के प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह एवं रामपुर (उत्तर प्रदेश) के विधायक आकाश सक्सेना ने मुख्य रूप से संबोधित किया।

इस सभा में वक्ताओं ने एक स्वर से कहा कि ये सीट कृष्ण बल्लभ सहाय, महामाया प्रसाद सिन्हा, ठाकुर प्रसाद, नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जैसे कर्मयोगियों की रही है। बांकीपुर की जनता इस सीट की शानदार विरासत को कभी कलंकित नहीं होने देगी। यहाँ किसी मायावी, किसी बहुरूपिए उम्मीदवार की दाल नहीं गलेगी।

एनडीए के नेताओं ने कहा कि यह चुनाव केवल एक उम्मीदवार का नहीं, बल्कि यहाँ के हर एनडीए कार्यकर्ता का है। कार्यकर्ताओं को नरेन्द्र मोदी, नीतीश कुमार, जीतनराम मांझी, चिराग पासवान और उपेन्द्र कुशवाहा बनकर लोगों के बीच जाना है और उन्हें दो दशक के पहले के बांकीपुर और आज के बांकीपुर का फर्क बताना है। बिहार से लेकर केन्द्र तक एनडीए सरकार का काम ऐसा है कि इसके किसी कार्यकर्ता को कहीं सिर झुकाकर जाने की जरूरत नहीं।

नेताओं ने कहा कि एनडीए के अलावे बाकी पार्टियों के पास विकास का ना तो कोई विजन है, ना कोई एजेंडा है और ना ही उनका बिहार के विकास में कोई योगदान है। विकसित बिहार और आत्मनिर्भर भारत के लिए एनडीए एकमात्र विकल्प है। यहाँ से एनडीए समर्थित भाजपा के कर्मठ और युवा उम्मीदवार श्री नीरज कुमार सिन्हा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है।

मौके पर वरिष्ठ जदयू नेता अरविन्द कुमार निराला ‘सिन्दूरिया’, मुकेश जैन, गणेश कानू, कमलजीत सिंह, जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के पटना महानगर अध्यक्ष सुजित पाठक, शिव गुप्ता, श्री जगजीवन सिंह, सचिन जायसवाल, श्री संतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में एनडीए के कार्यकर्ता एवं स्थानीय व्यवासायी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story