पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर बैंककर्मियों की हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर बैंककर्मियों की हड़ताल


किशनगंज, 11 सितंबर (हि.स.)। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) के विरोध में शुक्रवार को किशनगंज जिले के राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल के दौरान बैंककर्मियों ने एसबीआई की मुख्य शाखा के पास प्रदर्शन कर सरकार और बैंक प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बैनर तले किया गया।

बैंककर्मियों ने कहा कि वे लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। यूएफबीयू के जिला सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि बैंककर्मी पांच दिन काम और दो दिन साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था चाहते हैं। मांग को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।

बैंककर्मियों ने पीएलआई व्यवस्था का भी विरोध किया। उनका कहना था कि उनकी प्रमुख मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। एसबीआई पश्चिमपाली शाखा के शाखा प्रबंधक अनिकेत कुमार ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 28, 29 और 30 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है।

हड़ताल के दौरान एसबीआई मुख्य शाखा के पास बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मचारी जुटे। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन में वीरेंद्र कुमार भारती, आर्यन, धर्मेंद्र कुमार सिंह, चंदन कुमार, सुजीत कुमार, अन्वेषा मंडल, प्रतीक्षा सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। सितंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story