बनियापुर पुलिस ने हत्या के आरोपी तीन नामजद को किया गिरफ्तार
सारण, 02 जून (हि.स.)। बनियापुर थाना क्षेत्र के बेरुई गांव में रंगदारी न देने पर एक युवक की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घटना बीते 27 मई 2026 की है, जब बेरुई गांव में आयोजित एक यज्ञ मेले में झूला चलाने को लेकर चार बदमाशों ने पिम्पल कुमार सिंह से रंगदारी की मांग की। रंगदारी देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पिम्पल पर लोहे की रॉड और फरसे से जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने बनियापुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान 29 मई को उनकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में पीड़ित परिवार के लिखित आवेदन पर बनियापुर थाने में कांड संख्या-459/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर बेरुई गांव के निवासी साजन कुमार सिंह, आनंद कुमार सिंह और प्रीतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

