बांग्लादेशी नागरिक 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर, घुसपैठ के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेशी नागरिक 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर, घुसपैठ के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस


किशनगंज, 09 सितंबर (हि.स.)। बांग्लादेशी नागरिक हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल को किशनगंज पुलिस ने 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया है। कोर्ट के आदेश के बाद उसे सदर थाना लाया गया, जहां ट्रैफिक एवं साइबर डीएसपी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य भारत-बांग्लादेश सीमा पर तारबंदी पार कर भारत में घुसपैठ करने के तरीके और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाना है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने सीमा पार करने के लिए किन रास्तों का इस्तेमाल किया और उसे भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कराने में किन लोगों ने मदद की। पूछताछ के दौरान घुसपैठ से जुड़े एजेंटों और अन्य सहयोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। गौर करे कि सदर थाना पुलिस ने हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल को 26 जुलाई को रूईधासा प्रेमपुल के पास से गिरफ्तार किया था। उस समय वह महीन गांव डीलर चौक निवासी जाकिर हुसैन के साथ बाइक से जा रहा था।

पूछताछ में हसन ने बताया था कि वह बांग्लादेश के मालबाड़ी मियाचान बेपारिर कंडी, अलावलपुर गोसाईरहाट, शरियतपुर का रहने वाला है और एक एजेंट के माध्यम से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था। भारत आने के बाद वह उत्तर प्रदेश के बहराइच में रह रहा था। गिरफ्तारी वाली रात वह ट्रेन से बहराइच से किशनगंज पहुंचा था और जाकिर हुसैन के घर जाने की बात सामने आई थी। तलाशी के दौरान उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य भारतीय दस्तावेज बरामद हुए थे, जिन्हें पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी बताया था।

मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अब रिमांड के दौरान पुलिस घुसपैठ के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story