फर्जी पहचान पत्र के साथ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 27 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात कार्रवाई करते हुए रूईधासा प्रेमपुल के समीप एक बांग्लादेशी नागरिक और उसे शरण देने के आरोप में एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक के पास से फर्जी आधार कार्ड, फर्जी पैन कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामले में दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक की पहचान मोहम्मद हसन शेख उर्फ असनुल्ला मल (मूल निवासी मालबारी मियाचन, बेपारीर, कंडी अलावलपुर, बांग्लादेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के तीकनपूर्वा क्षेत्र का पता बता रहा था।वहीं, दूसरा गिरफ्तार आरोपी जाकिर हुसैन सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव डीलरचौक का निवासी है। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान बांग्लादेशी नागरिक के पास से एक मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, फर्जी पैन कार्ड, ₹120 नकद, एक सिक्का तथा एक बैग बरामद किया गया।पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि एक एजेंट की मदद से उसने भारत में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार और पैन कार्ड बनवाए थे। वहीं स्थानीय युवक जाकिर हुसैन के पास से एक बाइक, मोबाइल फोन, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, दो एटीएम कार्ड तथा नकद राशि बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में बांग्लादेशी नागरिक लगातार गुमराह करने का प्रयास करता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह एजेंट के माध्यम से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। रविवार रात ट्रेन से किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद वह जाकिर हुसैन के साथ उसके घर जा रहा था, तभी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक और स्थानीय युवक से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किस उद्देश्य से किशनगंज आया था तथा फर्जी आधार और पैन कार्ड तैयार करने वाले नेटवर्क से उसके क्या संबंध हैं। इस कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक रवि शंकर कुमार, अवर निरीक्षक बिक्रम कुमार सहित सदर थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story