बांग्ला सावन की शुरुआत होते ही सुल्तानगंज में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
बांग्ला सावन की शुरुआत होते ही सुल्तानगंज में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


भागलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम (सुल्तानगंज) में आस्था का अनूठा रंग देखने को मिल रहा है। हालांकि हिंदी सावन मास शुरू होने में अभी कुछ दिन शेष हैं, लेकिन बांग्ला सावन की शुरुआत होते ही उत्तरवाहिनी गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर इन दिनों 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष गूंज रहे हैं, जिससे पूरा माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

बांग्ला सावन शुरू होते ही पड़ोसी राज्यों, विशेषकर पश्चिम बंगाल और असम से बड़ी संख्या में कांवरिए सुल्तानगंज पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु यहां की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हो रहे हैं। सुल्तानगंज से देवघर की यह पैदल यात्रा लगभग 105 किलोमीटर लंबी और अत्यंत कठिन मानी जाती है, जिसे श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ तय करते हैं।

स्थानीय दुकानदारों और जानकारों के मुताबिक, हालांकि मुख्य (हिंदी) सावन मेला शुरू होने में वक्त है, लेकिन बांग्ला सावन के कारण कांवरियों की आवाजाही अचानक बहुत तेज हो गई है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और नमामि गंगे घाट सहित पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा, सफाई और अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story