बक्सर में पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री उमेश राय का भव्य स्वागत, बोले— बिहारवासियों की सेवा के लिए सदैव तत्पर
बक्सर, 11 जुलाई (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल सरकार में शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उमेश राय का विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पहली बार गृह क्षेत्र लौटने के क्रम में शुक्रवार को बक्सर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के डुमरी गांव में भाजपा युवा नेता एवं सोशल मीडिया जिला संयोजक हेमंत कुंवर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंत्री का पगड़ी, अंगवस्त्र और मुरेठा पहनाकर अभिनंदन किया।
इससे पूर्व मंत्री उमेश राय अपने पैतृक गांव, उत्तर प्रदेश के बलिया भी पहुंचे, जहां परिवारजनों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत मंत्री ने कहा कि जनता का यह स्नेह और सम्मान उनके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर मिला आत्मीय स्वागत उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है।
मंत्री उमेश राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में रहने वाले बिहार के लोगों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार में रहते हुए वे आम लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

