शहीद चौक पर नगर निगम का अभियान: सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने को बांटे जूट व कपड़े के थैले

WhatsApp Channel Join Now
शहीद चौक पर नगर निगम का अभियान: सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने को बांटे जूट व कपड़े के थैले


कटिहार, 23 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम कटिहार द्वारा 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत बुधवार को शहीद चौक पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। शहर को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में आम नागरिकों और दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग तत्काल बंद करने का संकल्प दिलाया गया तथा विकल्प के रूप में कपड़े एवं जूट के थैले वितरित किए गए।

कार्यक्रम में महापौर, उप महापौर, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों एवं वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण, जल निकासी व्यवस्था और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने दुकानदारों और राहगीरों के बीच कपड़े और जूट से बने मजबूत थैलों का वितरण किया, ताकि वे दैनिक उपयोग में पॉलीथिन का सहारा न लें।

नगर आयुक्त संतोष कुमार और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ मजबूत जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से अपनी जीवनशैली में बदलाव लाने और कटिहार को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story