बलुआ में तेज रफ्तार शराब तस्कर की बाइक से ठेला चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now
बलुआ में तेज रफ्तार शराब तस्कर की बाइक से ठेला चालक घायल


सुपौल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के विशनपुर गुमामी वार्ड नंबर 9 में रविवार की अहले सुबह तेज रफ्तार शराब तस्कर की बाइक की ठोकर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल की पहचान 50 वर्षीय राजदेव मेहता के रूप में हुई है, जो ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब की खेप लेकर भाग रहे तस्कर की बाइक ने राजदेव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका एक पैर टूट गया और दो दांत भी टूट गए। गिरने के बाद उनके मुंह और नाक से काफी खून बहने लगा और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनोंको दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए वीरपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए बाहर भेज दिया गया। फिलहाल उनका इलाज मधेपुरा जिले के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से हरे रंग की दो बोरी शराब तथा तस्कर की बाइक जब्त कर थाना ले आई। तलाशी के दौरान बोरी से 6 कार्टन में कुल 168 बोतल (करीब 50 लीटर) नेपाली निर्मित “दिलवाले” शराब बरामद की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर के बाद तस्कर बाइक पर लदी शराब की खेप छोड़कर मक्का के खेत के रास्ते फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चार बोरी शराब में से दो बोरी को कुछ लोगों ने लूट लिया, जबकि दो बोरी ही पुलिस के हाथ लगी।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि जब्त बाइक के नंबर प्लेट और चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story