कलवार सेवा ट्रस्ट ने की आराध्य देवता भगवान बलभद्र की पूजा,मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल हुए शामिल
अररिया 17 सितम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज में कलवार सेवा ट्रस्ट की ओर से आराध्य देवता भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव समारोह गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,जिसमें बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग के मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल,पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने शिरकत की।भजन आरती एवं प्रतिमा पूजन के उपरांत बड़ी संख्या में कलवार समाज के लोगों ने भगवान श्री बलभद्र की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। पंडित प्रमोद मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान के साथ भगवान बलभद्र की प्रतिमा का पूजन संपन्न कराया। यजमान के रुप में कैलाश चौधरी और उसकी पत्नी ललिता देवी ने पूजा अर्चना करते हुए आराधना की।
भजन आरती एवं प्रतिमा पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा भगवान बलभद्र के कच्ची प्रसाद का स्वजातीय बधुओं के साथ मौजूद श्रद्धालुओं ने आनंद उठाया।
मौके पर स्वजातीय परिचय व चर्चा का आयोजन किया गया।जिसमें मौजूद लोगों ने अपने अपने विचार को रखकर समाज के उत्थान पर प्रकाश डाला।
मौजूद वक्ताओं ने कहा कि भगवान बलभद्र को कृषक देवता भी कहा जाता है।कुलदेव भगवान बलभद्र का जन्म भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी में हुआ था।इस दिन का खास महत्व माना जाता है। हल व मूसल दोनों भगवान बलभद्र के शस्त्र है, जिस कारण इन्हें कृषक देवता भी कहा जाता है।आज भी किसान खेती प्रारंभ करने से पहले बलभद्र भगवान की आराधना करते है। हल अस्त्र ईमानदारीपूर्वक मेहनत करने को प्रेरित करता है।
मौके पर कलवार सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सीताराम भगत, प्रबंध न्यासी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल,उपाध्यक्ष पप्पू जायसवाल,राजन चौधरी,सचिव नन्द गोपाल जायसवाल,कुमोद भगत,रामभज्जू चौधरी,विंध्यांचल भगत,प्रकाश चौधरी,पूर्व मुख्य पार्षद अनूप जायसवाल आदि ने मुख्य अतिथि डॉ दिलीप कुमार जायसवाल और विशिष्ट अतिथि पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद समेत अन्य लोगों का स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

