बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित


सुपौल, 26 मई (हि.स.)। ईद-उल-जोहा (बकरीद) 2026 पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ शांति समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष ईद-उल-जोहा (बकरीद) का पर्व 28 मई 2026 को मनाया जाएगा और जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने कहा कि सुपौल जिला हमेशा से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है तथा प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी लोग आपसी प्रेम और सहयोग के साथ पर्व मनाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या असामाजिक गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी निगरानी रखने को कहा गया है।

बैठक में मौजूद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को लगातार गश्ती करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने तथा विधि-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला शांति समिति के सदस्यों ने भी बैठक में अपने विचार रखे और प्रशासन से पर्व के दौरान चौकसी बढ़ाने की मांग की। समिति के सदस्यों ने कहा कि प्रशासन की सक्रियता से जिले में हमेशा शांतिपूर्ण माहौल बना रहता है और इस बार भी सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएंगे। उन्होंने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की विशेष निगरानी रहेगी। साथ ही बिजली, पेयजल एवं साफ-सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है ताकि पर्व के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस, अपर समाहर्ता, सच्चिदानंद सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल, पुलिस उपाधीक्षक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा विकास कुमार कर्ण , नागेंद्र नारायण ठाकुर ,मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा, विजय शंकर चौधरी, मो मकसूद आलम, अजय अजनबी, मो खुर्शीद आलम, शंभू चौधरी, मो बली उल्लाह, ,डॉ सुब्रत मुखर्जी , मो जावेद रकीब, रामचंद्र यादव, मो जियाउर रहमान, बैधनाथ भगत, धर्मेंद्र सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

वहीं जिले के अन्य प्रखंडों एवं नगर निकायों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

प्रशासन ने उम्मीद जताई कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ईद-उल-जोहा (बकरीद) का पर्व जिले में पूरी शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story