विक्रमशिला सेतु पर शुरू हुआ बेली ब्रिज निर्माण, जल्द बहाल होगी आवाजाही

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु पर शुरू हुआ बेली ब्रिज निर्माण, जल्द बहाल होगी आवाजाही


भागलपुर, 14 मई (हि.स.)। भागलपुर की लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर यातायात बहाल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर अस्थायी बेली ब्रिज निर्माण का कार्य अब धरातल पर शुरू हो चुका है।

इस निर्माण कार्य के लिए कोलकाता से सेना में इस्तेमाल होने वाले खास मिलिट्री कलर के लोहे के भारी स्ट्रक्चर तीन ट्रकों के जरिए भागलपुर पहुंचाए गए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को बताया कि सेतु पर करीब 34 मीटर की खाली जगह पर सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ की निगरानी में सैन्य स्तर पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। बेली ब्रिज तैयार होने के बाद यातायात संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया है। इसके तहत पुल के दोनों छोर पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों को गुजरने की अनुमति मिलेगी।

प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से जाम की समस्या पर नियंत्रण रहेगा और रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को जल्द राहत मिलेगी। विक्रमशिला सेतु पर शुरू हुए इस कार्य को लेकर लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही आवागमन सामान्य हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story