विक्रमशिला सेतु पर लगाया गया बेली ब्रिज का एक हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु पर लगाया गया बेली ब्रिज का एक हिस्सा


भागलपुर, 19 मई (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु के टूटे हुए 34 मीटर के भाग पर मंगलवार को बेली ब्रिज के स्ट्रक्चर को सफलतापूर्वक लगा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि बीते एक सप्ताह से सीमा सड़क संगठन यानी बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन की टीम द्वारा इस दिशा में कड़ी मेहनत की जा रही थी। टीम की ओर से सेतु के टूटे हुए हिस्से पर लोहा का बेली ब्रिज लगाने को लेकर शुरू कार्य का मंगलवार को सफल परीक्षण हो गया।

जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बेली ब्रिज को पूरी सफलता से लॉन्च कर दिया गया है। इस सफलता से उम्मीद जगी है कि शीघ्र ही इस बड़े संकट का समाधान संभव हो पायेगा।

उल्लेखनीय है कि बीते तीन मई की देर रात भागलपुर को कोसी, सीमांचल समेत नेपाल और पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु का स्लैब गंगा में समा गया था। इसके बाद आवाजाही पूरी तरह ठप हो गयी थी। इस गंभीर संकट को ध्यान में रखते हुए चार मई को मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से बात कर सेना की मदद मांगी।

05 मई को बीआरओ की टीम भागलपुर पहुंची और घटनास्थल पर असेसमेंट शुरू किया। बीआरओ ने क्षतिग्रस्त हिस्से से हटकर अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाने की योजना तैयार की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story