पंसस की बैठक में यूरिया संकट, अतिक्रमण, भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य सेवाओं पर गरजा सदन
बेतिया, 29 जुलाई (हि.स.)। नौतन प्रखंड कृषि भवन सभागार में बुधवार को प्रमुख कृष्णदेव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत समिति (पंसस) की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड की विभिन्न समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया।
बैठक में यूरिया की कालाबाजारी, राजस्व विभाग में कथित भ्रष्टाचार, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, शिक्षा, स्वच्छता तथा राशन वितरण सहित कई मुद्दों पर अधिकारियों को जवाब देना पड़ा।
मुखिया संघ के अध्यक्ष अनुप लाल यादव ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि प्रखंड में यूरिया खाद की भारी किल्लत है और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने गोदामों में सड़े हुए अनाज का मुद्दा भी उठाते हुए इसकी जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रमुख कृष्णदेव चौधरी ने राजस्व विभाग में कथित घूसखोरी की शिकायतों को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि या आम नागरिक लिखित आवेदन देता है तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कथित रूप से बिना जांच के मरीजों को रेफर करने तथा फर्जी रिपोर्ट बनाए जाने की शिकायतों पर भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंगलपुर गुदरिया के मुखिया राजेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि शिविरों में अंचल प्रशासन लोगों को गुमराह कर कार्य नहीं कर रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पूर्व प्रभारी प्रमुख गुड्डू लाल ने अंचल कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रमुख से एक निगरानी समिति गठित करने की मांग की। उन्होंने लंबित शौचालय प्रोत्साहन राशि का भुगतान शीघ्र कराने की भी मांग उठाई।
उप प्रमुख अपसर हुसैन ने यूरिया की कालाबाजारी पर रोक लगाने को लेकर प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) से जवाब तलब किया। साथ ही उन्होंने शेखैना विद्यालय के समीप वर्षों से हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग भी सदन में रखी।
वरदाहा के मुखिया राजहरन कुमार ने बन्हौरा बाजार की नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था पर स्वास्थ्य विभाग से जवाब मांगा तथा अब तक कितने मरीजों का इलाज हुआ है, इसकी सूची उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने शिवराजपुर के मुखिया लालबाबू मिश्रा के साथ मिलकर आरोप लगाया कि अंचल अधिकारी बिना स्थल जांच किए ही रिपोर्ट भेज रहे हैं।
बैकुंठवा के मुखिया अफरोज नय्यर ने श्मशान घाट की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई।
उत्तर तेल्हुआ के मुखिया संत कुमार यादव ने बताया कि तेल्हुआ उप स्वास्थ्य केंद्र में पिछले छह महीनों से कोई कर्मी तैनात नहीं है, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
मुखिया लालबाबू मिश्रा द्वारा उठाए गए शिक्षा संबंधी मुद्दे पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रियाज अहमद ने आश्वासन दिया कि संबंधित मांगों का गंभीरता से समाधान कराया जाएगा।
जमुनिया के मुखिया बसंत साह ने स्वच्छता कर्मियों का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि यदि किसानों, आम जनता और पंचायतों से जुड़े इन मुद्दों का समय पर समाधान नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। अधिकारियों ने अधिकांश मामलों में जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

