ऑटो पलटने से तीन युवतियों समेत चार गंभीर रूप से घायल, रेफरल अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में पीरपैंती-बाराहाट मुख्य मार्ग पर साठो के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार यात्री ऑटो का अगला पहिया अचानक फट जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस सड़क हादसे में ऑटो में सवार तीन युवतियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री ऑटो बाराहाट की ओर से पीरपैंती की तरफ आ रहा था। साठो गांव के पास पहुंचते ही अचानक एक जोरदार आवाज के साथ ऑटो का अगला टायर ब्लास्ट कर गया। रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क पर ही दो-तीन बार पलट गया।

हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। हादसे का शिकार हुईं तीनों युवतियां और महिला आपस में रिश्तेदार बताई जा रही हैं, जो किसी निजी काम से यात्रा कर रही थीं। रेफरल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को सड़क से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है ताकि यातायात प्रभावित न हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story