बगहा पुलिस अधीक्षक ने पटखौली थाना का किया निरीक्षण, थाना गोद लेने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
बगहा पुलिस अधीक्षक ने पटखौली थाना का किया निरीक्षण, थाना गोद लेने की घोषणा


बगहा पुलिस अधीक्षक ने पटखौली थाना का किया निरीक्षण, थाना गोद लेने की घोषणा


पश्चिम चम्पारण (बगहा) ,16जुलाई (हि.स.)। बगहा पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को पटखौली थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के विभिन्न अभिलेख, अपराध संबंधी फाइलें, लंबित कांडों, केस डायरी, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, आगंतुक पंजी, स्टेशन डायरी तथा अन्य प्रशासनिक अभिलेखों का गहन अवलोकन किया।

उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करें तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती, वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी बनाए रखें।

पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के शीघ्र अनुसंधान, वारंटों के निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और अनुशासित कार्यशैली की सराहना करते हुए आवश्यक सुधार के लिए सुझाव भी दिया।

निरीक्षण के दौरान सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने पटखौली थाना को गोद लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत थाना को एक आदर्श थाना के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ एवं व्यवस्थित परिसर, बेहतर जनसुविधाओं तथा आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को प्राथमिकता दी जायेगी, ताकि आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि थाना केवल कानून लागू करने का केंद्र नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का भी केंद्र होना चाहिए। इसलिए पुलिसकर्मियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण एवं थाना गोद लेने की घोषणा से पुलिसकर्मियों में उत्साह देखा गया। माना जा रहा है कि इस पहल से पटखौली थाना की कार्यप्रणाली और जनसेवा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आयेगा तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story