बगहा पुलिस ने दंगा नियंत्रण ड्रिल का किया अभ्यास, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बगहा पुलिस ने दंगा नियंत्रण ड्रिल का किया अभ्यास, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिया निर्देश


बगहा पुलिस ने दंगा नियंत्रण ड्रिल का किया अभ्यास, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिया निर्देश


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 23 जुलाई(हि.स.)। पुलिस जिला बगहा के पुलिस केंद्र में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दंगा नियंत्रण (रायट कंट्रोल) ड्रिल का अभ्यास कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनज़र किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

अभ्यास के दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग, भीड़ नियंत्रण, त्वरित प्रतिक्रिया तथा समन्वित कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया।ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

अभ्यास के बाद पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित वरीय अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिला में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, संयमित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से ड्यूटी निभाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story