बड़हरा पंचायत में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान
सुपौल, 01 सितंबर (हि.स.)। मरौना प्रखंड के बड़हरा पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के उद्देश्य से लगाए गए इस शिविर में विभिन्न गांवों के लोग पहुंचे।
शिविर में ग्रामीणों ने आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तथा सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों और संबंधित कर्मियों के सामने रखीं। कर्मियों ने ग्रामीणों की शिकायतों और आवेदनों को सुनते हुए उन्हें आवश्यक प्रक्रिया तथा दस्तावेजों की जानकारी दी। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मियों ने पात्र लोगों से जरूरी कागजात के साथ आवेदन करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। संबंधित कर्मियों ने बताया कि पंचायत स्तर पर इस तरह के शिविर आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत देना है। साथ ही, लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। हालांकि, सहयोग शिविर में ग्रामीणों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। पंचायत की मुखिया सुशीला देवी ने शिविर को ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के आयोजन होने से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और समस्याओं के समाधान में सुविधा मिलती है। इस अवसर पर नदी थाना पुलिस के ललन कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

