बाबू जगजीवन राम का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्र सेवा का प्रेरणास्रोतः राजेश राम
पटना, 05 अप्रैल (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक एवं सामाजिक न्याय के अग्रदूत बाबू जगजीवन राम की 119 वीं जयंती आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम, पटना में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबू जगजीवन राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने उनके आदर्शों और उनके संघर्षमय जीवन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राजेश राम ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, सामाजिक न्याय और वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बाबूजी भारतीय राजनीति के ऐसे महान नेता थे जिन्होंने अपने संघर्ष और दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर समाज के पिछड़े और दलित वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने का कार्य किया।
राजेश राम ने कहा कि बाबू जगजीवन राम एक दीर्घकालीन सांसद के रूप में संसद में जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाते रहे। उन्होंने रक्षा मंत्री के रूप में देश की सुरक्षा को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उप प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाबूजी के विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। कांग्रेस पार्टी उनके आदर्शों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और अवसर पहुँचाने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। बाबू जगजीवन राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

