बबरगंज मर्डर से हड़कंप, एसएसपी ने संभाली कमान, संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
भागलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के बबरगंज में हुए भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्याकांड में पुलिस ने आरोपियों की धड़पकड़ के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
बीते 11 सितंबर को हुई इस वारदात के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने खुद कमान संभालते हुए घटनास्थल और पीड़ित के घर का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अब तक की गई छापामारी और कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए उनके विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापामारी कर रही हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा इस मामले में सभी आवश्यक कानूनी और विधिक कार्रवाई तेजी से पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि इस हत्याकांड में केवल मुख्य अभियुक्त ही नहीं, बल्कि उन्हें शरण देने वाले, सहयोग करने वाले या किसी भी प्रकार की सहायता पहुंचाने वाले संदिग्ध लोग भी बख्शे नहीं जाएंगे।
घटना के संदर्भ में ऐसे सभी संदिग्धों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है और संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

