न्याय की नींव दी बाबा साहब अम्बेडकर ने : तरीक अनवर

WhatsApp Channel Join Now
न्याय की नींव दी बाबा साहब अम्बेडकर ने : तरीक अनवर


न्याय की नींव दी बाबा साहब अम्बेडकर ने : तरीक अनवर


कटिहार, 14 अप्रैल (हि.स.)। संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती पर अम्बेडकर चौक पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। सांसद तारिक अनवर ने सुबह बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सांसद अनवर ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर सिर्फ भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार ही नहीं, बल्कि अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और दलितों के मसीहा थे। उन्होंने देश को संविधान के साथ स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय की मजबूत नींव दी। आज जब इन्हीं मूल्यों पर सवाल उठ रहे हैं, तो इन्हें बचाए रखना ही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सांसद ने याद दिलाया कि सामाजिक भेदभाव झेलने वाले डॉ. अम्बेडकर ने शिक्षा के बल पर छुआछूत के खिलाफ लंबा संघर्ष किया। दलितों के अधिकारों के लिए उन्होंने ‘बहिष्कृत हितकारिणी सभा’ की स्थापना की। उनके द्वारा तैयार संविधान ने हर इंसान को बराबरी का हक दिया। वे एक महान विचारक थे जिन्होंने ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का नारा दिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी संविधान निर्माता को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story