बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 370 सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात

WhatsApp Channel Join Now
बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 370 सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात


बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 370 सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात


सुपौल, 01 अगस्त (हि.स.)। राघोपुर प्रखंड के धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन की सोमवारी पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम जलाभिषेक और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने की।

एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करा दिया गया है। उन्हें श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने, भीड़ प्रबंधन और हर परिस्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर के सभी ड्रॉप गेट एवं प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जा सके।

राघोपुर अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर व्यापक बैरिकेडिंग की गई है।

प्रशासन के अनुसार सावन की सभी सोमवारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 60 दंडाधिकारी, 60 पुलिस पदाधिकारी तथा 250 अतिरिक्त पुलिस बल, यानी कुल 370 सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, मां बाबूजी धर्मशाला में स्थापित वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जाएगी।

बैठक के अंत में प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से अपील की कि वे बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्लान एवं सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सावन की सभी सोमवारी शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में डीसीएलआर मृत्युंजय कुमार, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, आरओ आकांक्षा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story