भारी मात्रा में शराब बरामद, तस्कर फरार
बेतिया, 13 जून (हि.स.)। शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार की देर रात थाना क्षेत्र के बैरा परसौनी गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से फरार हो गए।
प्रभारी थानाध्यक्ष मोहम्मद असलम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बैरा परसौनी गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 172.79 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
बरामद शराब में 8 पीएम ब्रांड की 528 बोतल (180 एमएल) कुल 95.04 लीटर, किंगफिशर बीयर 51.50 लीटर, रॉयल स्टेज ब्रांड की 11 बोतल (750 एमएल) कुल 8.25 लीटर तथा बंटी-बबली ब्रांड की 90 बोतल (200 एमएल) कुल 18 लीटर शराब शामिल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब को तस्करी के उद्देश्य से गांव में छिपाकर रखा गया था। पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बरामद शराब को जब्त कर थाना लाया गया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष मोहम्मद असलम ने बताया कि शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
वहीं नौतन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी शराब के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

