बक्सर के चौसा टेराकोटा व भोजपुरी चित्रकला की बारीकियां सीख रहे बच्चे

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर के चौसा टेराकोटा व भोजपुरी चित्रकला की बारीकियां सीख रहे बच्चे


बक्सर, 21 अगस्त (हि.स.)। बिहार की समृद्ध लोक एवं पारंपरिक कला से बच्चों को परिचित कराने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से कला एवं संस्कृति विभाग, बक्सर के तत्वावधान में चौसा टेराकोटा कला एवं भोजपुरी चित्रकला पर छह दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कार्यशाला में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रख्यात प्रशिक्षकों एवं कलाकारों द्वारा बच्चों को चौसा टेराकोटा कला और भोजपुरी चित्रकला की बारीकियों, तकनीकों तथा पारंपरिक शिल्प का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों को स्थानीय कला की विभिन्न विधाओं को करीब से समझने और उन्हें अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

कार्यशाला का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तथा सहायक संग्रहालयाध्यक्ष भी उपस्थित रहीं। उनके मार्गदर्शन एवं देखरेख में कार्यशाला का संचालन और प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों में स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना, पारंपरिक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा प्रतिभावान बच्चों को उचित प्रशिक्षण एवं मंच उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story