प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लाभार्थियों को मिली घर की चाबी, तीन को स्वीकृति पत्र

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लाभार्थियों को मिली घर की चाबी, तीन को स्वीकृति पत्र


सुपौल, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले के मरोना प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान योजना के तहत आवास निर्माण पूरा करने वाले पांच लाभार्थियों को उनके नए घर की चाबी सौंपी गई।

तीन नए चयनित लाभार्थियों को योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ अभियान के तहत आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा था। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संदेश एवं कार्यक्रम की सामग्री का स्थानीय स्तर पर लाभार्थियों के बीच प्रसार किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के कुल 30 लाभार्थियों को शुभकामना संदेश भी दिए गए।

उपस्थित अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजना के उद्देश्य और इसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही लाभार्थियों से कहा गया कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप आवास का निर्माण कराएं और किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित कर्मियों से संपर्क करें। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक, प्रखंड लेखापाल, कार्यपालक सहायक, सभी ग्रामीण आवास सहायक सहित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी मौजूद रहे। आवास की चाबी मिलने के बाद लाभार्थियों में खुशी का माहौल देखा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story