अररिया कॉलेज में नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
अररिया कॉलेज में नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


अररिया 27 अक्टूबर(हि.स.)।

नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत अररिया कॉलेज में मद्यनिषेध विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर डीएम विनोद दूहन सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग के प्रतिनिधि, कॉलेज के शिक्षक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए इसे जन-आंदोलन का रूप देना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान अररिया कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767810 Articles

Share this story