सुपौल में प्रभारी सचिव ने सहयोग शिविरों का किया निरीक्षण, योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा
सुपौल, 16 जून (हि.स.)। जिले में आयोजित सहयोग शिविरों का मंगलवार को प्रभारी सचिव ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रखंड सरायगढ़-भपटियाही के बेनिनया एवं भपटियाही पंचायत तथा प्रखंड निर्मली के बेलसिंगार मोती पंचायत में लगाए गए शिविरों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं और आम लोगों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
प्रभारी सचिव ने शिविर में मौजूद लाभुकों एवं स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जनसुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

