सारण पुलिस केंद्र में यौन उत्पीड़न रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सारण, 24 दिसंबर (हि.स.)। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति सजगता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस केंद्र सारण में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला पुलिस कर्मियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया, जहाँ उन्हें कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक साइबर चंद्रभूषण एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात संतोष कुमार ने यौन उत्पीड़न की स्पष्ट परिभाषा साझा की।अधिकारियों ने बताया कि बिना सहमति के यौन संबंध हेतु किसी भी प्रकार का प्रस्ताव चाहे वह शारीरिक हो, मौखिक हो, इशारों में हो या डिजिटल माध्यम सोशल मीडिया/ मैसेज से हो यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आता है।
अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि यौन उत्पीड़न न केवल एक अप्रिय व्यवहार है बल्कि यह एक दंडनीय अपराध भी है, कार्यस्थल पर एक स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना पुलिस बल की सामूहिक जिम्मेदारी है, महिला कर्मियों को अपने अधिकारों के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए।
इस अवसर पर प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक अब्दुर रहमान दानिश सहित कई महिला पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मियों को प्रेरित किया गया कि वे किसी भी प्रकार की अनुचित घटना या असहज व्यवहार की सूचना तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

