बरारी पुल घाट पर जीवन जागृति का जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
बरारी पुल घाट पर जीवन जागृति का जागरूकता अभियान


भागलपुर, 09 मई (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु संकट के बीच जीवन जागृति सोसायटी का जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। शनिवार को संस्था द्वारा गंगा घाट पर सुरक्षा संदेश वाले पंपलेट बांटे गए।

उल्लेखनीय है कि भागलपुर में विक्रमशिला पुल ध्वस्त होने के बाद गंगा पार आवाजाही पूरी तरह नावों पर निर्भर हो गई है। ऐसे में नावों पर बढ़ती भीड़ और ओवरलोडिंग की आशंका को देखते हुए सामाजिक संस्था जीवन जागृति सोसायटी ने लोगों को जागरूक करने की मुहिम तेज कर दी है।

जीवन रक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने वाली जीवन जागृति सोसायटी एक बार फिर आपदा की इस घड़ी में लोगों के बीच सुरक्षा का संदेश लेकर बरारी गंगा घाट पहुंची। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने घाट पर नाव से सफर करने वाले यात्रियों के बीच पंपलेट वितरित किए।

रास्ते में सुरक्षा संदेश के बैनर लगाए और एक राहत एवं जागरूकता शिविर लगाया। आते जाते लोगों के लिए पानी पीने की व्यवस्था के साथ आने जाने वाले लोगों से स्वयं डॉ अजय सिंह ने कहा कि एक आपदा से हम बचे है, दूसरी आपदा नहीं आए। इसके लिए सब को मिलकर प्रयास करना है। सरकार ने जो नियम बनाए हैं। नियम को अपनाना हम नागरिकों का कर्तव्य है।

इन पंपलेटों में लोगों से अपील की गई है कि वे नावों को ओवरलोड होने से बचाएं और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पंपलेट में साफ संदेश लिखा गया है “आप खुद अपना रक्षक बनें, नाव को ओवरलोड होने से बचाएं आपका जीवन आपके परिवार के लिए अमूल्य है। संस्था के सदस्यों ने घाट पर मौजूद यात्रियों और नाव चालकों को भी समझाया कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। लगातार बढ़ती भीड़ के बीच क्षमता से अधिक लोगों को नाव पर बैठाना जानलेवा साबित हो सकता है।

जीवन जागृति सोसायटी का कहना है कि इस मुश्किल समय में प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। यदि लोग स्वयं जागरूक रहेंगे तो किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सकता है बरारी गंगा घाट पर चलाया गया यह अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। यात्रियों ने भी संस्था की इस पहल की सराहना की और इसे समय की जरूरत बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story