सैनिक स्कूल भागलपुर में बच्चों की सामाजिक सुरक्षा और पोक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
सैनिक स्कूल भागलपुर में बच्चों की सामाजिक सुरक्षा और पोक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


भागलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया भागलपुर के प्रांगण में मंगलवार को छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वोच्च न्यायालय, दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश हामजा आलम उपस्थित हुए। छात्रों को संबोधित करते हुए न्यायाधीश हामजा आलम ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के लिए भी कानूनी रूप से सजग और सतर्क रहना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए वर्ष 2012 में 'पोक्सो एक्ट' लागू किया गया था, जिसकी जानकारी हर बच्चे को होनी चाहिए। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि कई बार बच्चों को बहला-फुसलाकर या लालच देकर अनैतिक कार्यों में धकेला जाता है, जिससे बचने के लिए सतर्कता ही एकमात्र उपाय है। न्यायाधीश ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि वे किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना, परेशानी या असहजता महसूस करते हैं, तो उसे अपने माता-पिता और शिक्षकों से बिना किसी डर के साझा करें। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी और कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति में इस नंबर पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। यह कानून मुख्य रूप से बच्चों की सामाजिक सुरक्षा के लिए ही बनाया गया है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने न्यायाधीश द्वारा दी गई कानूनी जानकारियों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस जानकारी के आधार पर सभी छात्रों, विशेषकर छात्राओं को अधिक सजग और सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रधानाचार्य ने जोर देकर कहा कि बच्चे '1098' हेल्पलाइन नंबर को हमेशा याद रखें। इस प्रकार की सतर्कता से ही हम सुरक्षित रहकर, स्वाभिमान के साथ शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं और जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन और व्यवस्था में अभिनंदन कुमार सिंह, महेश कुमार, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा और शांतनु आनंद सहित विद्यालय के सभी आचार्य बंधु एवं भगिनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767496 Articles

Share this story