साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवन ऐप को लेकर जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवन ऐप को लेकर जागरूकता अभियान


भागलपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मालदा मंडल के मंडल रेलवे प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में यात्रियों को डिजिटल रेलवे सेवाओं से जोड़ने एवं टिकटिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवन ऐप जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान के तहत वाणिज्य निरीक्षक एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर में उपस्थित यात्रियों को रेलवन ऐप के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें ऐप डाउनलोड कर इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान बताया गया कि रेलवन ऐप एक एकीकृत एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से यात्री एक ही लॉग-इन आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से विभिन्न सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकते हैं।

इस ऐप के जरिए अनारक्षित (सामान्य), आरक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, पीएनआर स्थिति की जानकारी, कोच एवं प्लेटफॉर्म स्थिति की जानकारी, टिकट निरस्तीकरण एवं धनवापसी की ट्रैकिंग, यात्री फीडबैक एवं सहायता सेवाएँ सहित अनेक सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। साथ ही, डिजिटल भुगतान के माध्यम से बुक किए गए अनारक्षित टिकटों पर 3% की छूट भी प्रदान की जा रही है।

वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी दैनिक यात्रा में ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे समय की बचत, नकदरहित लेन-देन एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story