राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता रैली, 12 सितंबर को होगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता रैली, 12 सितंबर को होगा आयोजन


भागलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), भागलपुर की ओर से गुरुवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। विधिक जागरूकता एवं साक्षरता मिशन के तहत एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। रैली में शामिल लोग हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिसके जरिए आम जनता को उनके कानूनी अधिकारों और लोक अदालत के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि वे आपसी सुलह और समझौते के आधार पर अपने लंबित मामलों का त्वरित निपटारा करा सकते हैं। प्राधिकार की ओर से आम जनता से अपील की गई कि वे समय और धन की बचत के लिए आपसी सहमति से मामलों को सुलझाने हेतु लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं। डीएलएसए की सचिव रंजीता कुमारी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 12 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर के अलावा अनुमंडल न्यायालय नवगछिया और अनुमंडल न्यायालय कहलगांव में भी इस लोक अदालत का आयोजन समानांतर रूप से होगा।इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के सुलहनीय (दीवानी, पारिवारिक, बैंक ऋण, बिजली बिल और छोटे आपराधिक) मामलों के ऑन-द-स्पॉट निपटारे की व्यवस्था रहेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को कानूनी रूप से साक्षर बनाना और आपसी सहमति से मुकदमों का सरल व त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story