छात्रों को दिए गए डिजिटल सुरक्षा के टिप्स, कई अधिकारी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों को दिए गए डिजिटल सुरक्षा के टिप्स, कई अधिकारी सम्मानित


भागलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर के एलिमेंट्री स्कूल में ‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को एक साइबर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन वित्तीय ठगी और सोशल मीडिया के खतरों के प्रति सचेत कर डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना था।

इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर के सिटी एसपी, अभियान प्रमुख अभिनव दास, पंडित हरि नारायण शुक्ला फाउंडेशन के सचिव राजेश कुमार शुक्ला और साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह उपस्थित रहीं। इनके अलावा प्रोफेसर राकेश, पत्रकार व स्तंभकार अविकल नारायण शुक्ला, वार्ड पार्षद सरिता देवी सहित सुल्तानगंज एवं साइबर थाने के पुलिस पदाधिकारी और मुरारका कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने दी साइबर सुरक्षा को लेकर सीख दी। सिटी एसपी ने छात्रों को संबोधित करते हुए अनजान और संदिग्ध लिंक्स पर क्लिक न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी कॉल, मैसेज या लिंक पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।

अभियान प्रमुख अभिनव दास ने बाल साइबर अपराध, सोशल मीडिया ठगी और डिजिटल फुटप्रिंट के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सचेत किया कि इंटरनेट पर की गई एक छोटी सी लापरवाही भी भविष्य में बड़ी मुसीबत बन सकती है।

साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह ने छात्रों को साइबर बुलिंग, ‘डिजिटल अरेस्ट’ और तस्वीरों के दुरुपयोग जैसे गंभीर खतरों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को ढांढस बंधाया कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस की मदद लें। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने साइबर सुरक्षा थीम पर एक बेहतरीन पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई, जिसकी अतिथियों ने काफी सराहना की। इसके साथ ही छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए ऑनलाइन ठगी से बचने का संदेश बेहद रोचक अंदाज में दिया। इस अवसर पर समाज और सुरक्षा में अनुकरणीय योगदान के लिए सिटी एसपी भागलपुर, अभियान प्रमुख अभिनव दास और साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह को ‘पंडित हरि नारायण सम्मान’ से विभूषित किया गया। कार्यक्रम ने बच्चों को एक जिम्मेदार और सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने की महत्वपूर्ण सीख दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story