किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 7300 से अधिक सिलेंडर स्टॉक में: डीएम विशाल राज

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 7300 से अधिक सिलेंडर स्टॉक में: डीएम विशाल राज


किशनगंज, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि किशनगंज जिला अंतर्गत एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति की स्थिति पूर्णतः सामान्य बनी हुई है।

डीएम ने बताया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक 7300 से अधिक है। गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

साथ ही कालाबाजारी एवं जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने बताया कि एलपीजी गैस से संबंधित आज कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

साथ ही आमजन से अपील की गई है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story