अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर हमला
पूर्णिया, 02 जून (हि.स.)।
चम्पानगर थाना क्षेत्र के मौजा प्रसादपुर में सोमवार को उस समय रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब जिला प्रशासन और पुलिस बल की टीम सरकारी निर्देश पर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची थी।
इस दौरान घात लगाए अतिक्रमणकारियों ने पुलिस टीम पर पारंपरिक हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चम्पानगर थाना में पदस्थापित ग्रामीण पुलिस (चौकीदार) शंकर पासवान के गर्दन में तीर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा करीब आधा दर्जन अन्य पुलिसकर्मी भी ईंट-पत्थर और तीर लगने से जख्मी हुए हैं।
मामला यह था कि के नगर अंचल के मौजा प्रसादपुर (खाता संख्या 67, खेसरा 181, रकबा 11.28 एकड़) की जमीन पर मरंगा थाना क्षेत्र के विक्रमपट्टी कवैया (वार्ड 04) निवासी सुधीर ऋषि का मालिकाना हक है। इस कीमती जमीन पर स्थानीय श्रीनगर थाना क्षेत्र के चरैया रहिका मलिनिया कामत निवासी रंजना देवी (पति बिजेंद्र ऋषि) और अन्य 28 लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था।
जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कोर्ट और प्रशासन के आदेश पर एक टीम गठित की गई थी। सोमवार को प्रतिनियुक्त कार्यपालक दंडाधिकारी अभय राज, अंचलाधिकारी (CO) दिवाकर कुमार और प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद के नेतृत्व में करीब 5 दर्जन महिला व पुरुष पुलिस बल मौके पर पहुंचे थे।
शांतिपूर्ण कार्रवाई पर अचानक हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रशासनिक टीम जमीन को खाली कराने के लिए शांतिपूर्वक कानूनी कार्रवाई में जुटी थी। इसी बीच अवैध कब्जाधारियों ने भारी विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दर्जनों लोग तीर-धनुष, भाला, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से लैस होकर पुलिस टीम पर टूट पड़े।
अतिक्रमणकारियों द्वारा ताबड़तोड़ चलाए गए तीरों में से एक तीर सीधे ग्रामीण पुलिस शंकर पासवान की गर्दन में जा धंसा।
लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी श्रीनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया।
अचानक हुए इस जानलेवा हमले के बाद पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और कड़ा रुख अपनाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से हमलावर अतिक्रमणकारियों में से एक महिला सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। भारी तनाव के बीच प्रशासन ने अंततः अतिक्रमित भूमि को चारों तरफ से घेराबंदी (बाउंड्री) करवाकर अपने नियंत्रण में ले लिया और फिलहाल स्थिति को शांत कराया।
घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हमले में शामिल अन्य फरार उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।घटना बीते सोमवार दोपहर की है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

