आयकर विभाग की टीम पर हमला और दुर्व्यवहार के मामले में 11 नामजद,तीन भेजे गए जेल

WhatsApp Channel Join Now
आयकर विभाग की टीम पर हमला और दुर्व्यवहार के मामले में 11 नामजद,तीन भेजे गए जेल


अररिया 13 अगस्त(हि.स.)। फारबिसगंज में सुपर हमसफर ट्रेवल्स ट्रांसपोर्टर के दो कार्यालय सहित चार ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान आयकर विभाग की टीम पर हमला और दुर्व्यवहार के मामले में हिरासत में लिए गए तीन लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।आयकर विभाग के कार्यालय उप निदेशक अन्वेषण ब्यूरो भागलपुर के आयकर निरीक्षक अवध किशोर साह के लिखित आवेदन पर फारबिसगंज थाना में मामला दर्ज किया गया,जिसमें 11 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ कांड दर्ज किया गया है। नामजद आरोपितों में चार महिला आरोपी है।

मामले के शिकायतकर्ता अवध किशोर साह ने दर्ज कराए अपने प्राथमिकी में बताया कि सुपर हमसफर ट्रेवल्स के सुभाष चौक और रामपुर ओवरब्रिज स्थित दो कार्यालय सहित उनके आवास के दो ठिकानों कुल चार ठिकानों पर छापेमारी की गई,जिसमें आयकर विभाग की टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने,छीना झपटी करने,अधिकारियों के साथ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और जांच में सहयोग टीम को सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया गया है।

प्राथमिकी में विभाग महिला अधिकारियों के साथ भी अभद्रतापूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।रामपुर दक्षिण स्थित आवास पर इस तरह का कृत्य करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।बुधवार को रामपुर दक्षिण स्थित सुपर हमसफर के मालिक मो.अफसार और उनके भाई मो.असलम के आवास पर छापेमारी के लिए गई टीम के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया था,जिसमें आयकर विभाग के निरीक्षक विवेक कुमार सहित चार अन्य चोटिल भी हो गए थे,जिनका इलाज फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया था।

हंगामे के दौरान अररिया एसपी जितेन्द्र कुमार के निर्देश पर फारबिसगंज प्रभारी एसडीपीओ पंकज कुमार,थानाध्यक्ष मनोज कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंचकर दोनों आवास की घेराबंदी करते हुए मो.अफसार और मो.असलम के साथ सुपौल निवासी अकीम आलम को हिरासत में लिया था।कांड दर्ज होने के बाद सुपर हमसफर ट्रेवल्स के मालिक मो.अफसार,मो.असलम और अकीम आलम को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story