अतिक्रमण ने रोकी पानी की राह, सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण ने रोकी पानी की राह, सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी


बक्सर, 01 अगस्त (हि.स.)। ब्रह्मपुर प्रखंड की रघुनाथपुर पंचायत में सरकारी नाले पर वर्षों से हुए अतिक्रमण और सफाई के अभाव ने जलनिकासी व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। नतीजतन गांव के साथ-साथ सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। हालात से परेशान ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी, ब्रह्मपुर को सामूहिक आवेदन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और नाले की तत्काल उड़ाही कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि केनरा बैंक, रघुनाथपुर बाजार से होकर छेरा नदी तक जाने वाला यह सरकारी नाला पूरे क्षेत्र के वर्षा जल निकासी का मुख्य माध्यम है। लेकिन अवैध अतिक्रमण, मिट्टी भराई और वर्षों से सफाई नहीं होने के कारण इसकी क्षमता समाप्त हो गई है। हल्की बारिश में ही सड़कें, गलियां और खेत पानी से भर जाते हैं।

इस वर्ष पश्चिम बधार सहित आसपास के सैकड़ों बीघा खेतों में जलभराव से धान की रोपनी प्रभावित हुई है, जबकि कई स्थानों पर रोपे गए पौधे सड़ने लगे हैं। इससे किसानों के सामने फसल चौपट होने और भारी आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है। वहीं लंबे समय तक जलभराव रहने से आवागमन बाधित होने के साथ डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश ओझा, बबलू यादव, दिनेश सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने नाले से अतिक्रमण हटाने, संपूर्ण उड़ाही, चौड़ीकरण तथा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर स्थायी समाधान की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, बीडीओ, जिला कृषि पदाधिकारी और जल संसाधन विभाग को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story