92वीं बिहार एथलेटिक्स मीट में भाग लेने पटना रवाना हुई सुपौल की 29 सदस्यीय टीम

WhatsApp Channel Join Now
92वीं बिहार एथलेटिक्स मीट में भाग लेने पटना रवाना हुई सुपौल की 29 सदस्यीय टीम


सुपौल, 09 जून (हि.स.)। 10 से 13 जून तक पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली 92वीं बिहार राज्य एथलेटिक्स मीट में भाग लेने के लिए सुपौल जिले की 29 सदस्यीय टीम मंगलवार को सुपौल रेलवे स्टेशन से रवाना हुई।

खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उत्साहपूर्वक विदाई दी।

जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सर्वेश झा ने बताया कि बिहार एथलेटिक्स संघ के निर्देशानुसार 2 जून को त्रिवेणीगंज में जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20, अंडर-22 एवं ओपन वर्ग से कुल 29 खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ सर्राफ ने कहा कि इस बार सुपौल की टीम काफी मजबूत और संतुलित है। खिलाड़ियों ने चयन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसके आधार पर जिले को विभिन्न स्पर्धाओं में पदक मिलने की अच्छी संभावना है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्यस्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे। जिला एथलेटिक्स कोच विकास कुमार एवं वरिष्ठ खिलाड़ी रेणु सिंह के नेतृत्व में टीम पटना के लिए रवाना हुई।

बालिका वर्ग में नंदनी कुमारी, सीमा कामत, प्रतीक्षा कुमारी, क्यूटी सिंह, लक्ष्मी कुमारी, ख्याति ठाकुर, मौसम कुमारी, प्रियंका कुमारी, सोनी कुमारी, प्रिंसी कुमारी और अर्चना कुमारी शामिल हैं।

वहीं बालक वर्ग में आदित्य कुमार, सुमन कुमार, सोनू कुमार, पियूष आनंद, गुलशन कुमार, अंकुश कुमार, गुलशाद अली, सावन कुमार, मो. आसिफ, वैभव विशाल, रूपेश कुमार, नंदकिशोर, मो. मंजूर, उत्सव ठाकुर, शंभू कुमार सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।

टीम को विदा करने के लिए भारत स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त संजय कुमार झा, राजेश कुमार ठाकुर और जॉनी कुमार रेलवे स्टेशन पहुंचे।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर जिले के लिए गौरव हासिल करेंगे। खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का भरोसा जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story