कटिहार में 19.73 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक 'अटल कला भवन', वित्त विभाग से मिली मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 14 जुलाई (हि.स.)। कटिहार शहर के महानंद कॉलोनी परिसर में 'अटल कला भवन' के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा 1 एकड़ 51 डिसमिल खाली जमीन पर लगभग 19 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से इस अत्याधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। वित्त विभाग ने इस परियोजना की लागत राशि को अपनी स्वीकृति दे दी है।

अटल कला भवन के निर्माण को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बताया कि वित्त विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद अब निर्माण कार्य के लिए निविदा (टेंडर) की प्रक्रिया विभाग द्वारा बहुत जल्द शुरू की जाएगी। इस नए कला भवन के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) में 620 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इस भवन के निर्माण से कटिहार को आयोजनों के लिए एक बेहतरीन अतिरिक्त प्रशाल (हॉल) उपलब्ध हो जाएगा। यहां भविष्य में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य प्रमुख गतिविधियां सुगमता से आयोजित की जा सकेंगी।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कटिहार में प्रतिभावान कलाकारों की कोई कमी नहीं है। सांस्कृतिक गतिविधियों के मामले में कटिहार पूर्वोत्तर बिहार में हमेशा अग्रणी रहा है। इस नए प्रेक्षागृह में आधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी, जिससे स्थानीय और बाहरी कलाकारों को इस मंच से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का शानदार अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story