पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के असामयिक निधन पर व्यक्त किया शोक

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के असामयिक निधन पर व्यक्त किया शोक


भागलपुर, 02 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भागलपुर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने दूरभाष के माध्यम से शोकाकुल परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। चौबे ने कहा कि ईश्वर दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

इसी क्रम में चौबे पटना स्थित मेदांता पहुंचे, जहां उन्होंने सुल्तानगंज गोलीकांड में घायल सुल्तानगंज के मुख्य पार्षद गुड्डू शाह से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने परिजन से भी भेंट कर उन्हें साहस और धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। इस दौरान चौबे ने मेदांता समूह के अध्यक्ष नरेश त्रेहान से भी वार्ता की।

डॉ त्रेहान ने जानकारी दी कि पटना में चिकित्सकों की टीम घायल के उपचार में लगातार जुटी हुई है और उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर मरीज को बेहतर उपचार हेतु एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाने की भी तैयारी रखी गई है। चौबे ने चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि गुड्डू शाह शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story