ग्रामीण पत्रकारों के हितों की आवाज बुलंद करेगा एसोसिएशन, संगठन विस्तार व पत्रकार सुरक्षा पर मंथन
पश्चिम चम्पारण(बगहा), 19जुलाई(हि.स.)। बिहार के ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बगहा पुलिस जिला की जिला स्तरीय बैठक रविवार को नगर परिषद स्थित मारवाड़ी धर्मशाला के सभागार में आयोजित हुई।
बैठक का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार, पत्रकारों की सुरक्षा, सरकारी सुविधाओं तथा पत्रकारिता की गरिमा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी एवं संगठन के संरक्षक दिनेश अग्रवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इजरायल अंसारी ने की, जबकि संचालन कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रभूषण शांडिल्य ने किया।मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता को बढ़ावा देना है। इसके लिए संगठन का विस्तार प्रत्येक प्रखंड और पंचायत स्तर तक किया जाएगा तथा व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बिहार सरकार से पत्रकार पेंशन योजना के मानदंडों को अधिक व्यावहारिक एवं लचीला बनाने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकारों को भी सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का समान लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने फर्जी पत्रकारों और फर्जी पत्रकारिता पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के कारण वास्तविक पत्रकारों की छवि प्रभावित होती है। साथ ही प्रशासन से समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को आवश्यक सहयोग एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।विशिष्ट अतिथि दिनेश अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन निर्भीक, ईमानदार और स्वच्छ पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों का सशक्त संगठन है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और समाज को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संगठन को आजीवन संरक्षण देने तथा पत्रकारों के हर न्यायोचित संघर्ष में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
प्रदेश महासचिव आदित्य कुमार दुबे ने संगठनात्मक एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी पत्रकारों को अपने अधिकारों और दायित्वों के प्रति सजग रहना होगा। उन्होंने मांग की कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं प्रत्येक सक्रिय पत्रकार को उपलब्ध हों तथा अधिमान्यता की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।
उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन देने, बिहार से प्रकाशित लघु एवं मध्यम समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन उपलब्ध कराने तथा राज्य के सभी जिलों में पत्रकारों की समस्याओं का अध्ययन कर उनके समाधान के लिए कार्ययोजना बनाने की बात कही।
प्रदेश उपाध्यक्ष माधवेन्द्र पाण्डेय ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने तथा पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान को गति देने, जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सर्वसम्मति से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न चैनल एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े एक दर्जन पत्रकारों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम में मो. शमसाद, मुरारी शरण तिवारी, मो. शाबिर, इन्द्रमणी दुबे, पंचानंद सिंह, नरेंद्र पाण्डेय, संजीव तिवारी, निर्भय कुमार, घनश्याम तिवारी, संजय पांडेय, विवेक सिंह, विवेक पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

