नव निर्मित मृदा जांच प्रयोगशाला का सहायक निदेशक ने निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
नव निर्मित मृदा जांच प्रयोगशाला का सहायक निदेशक ने निरीक्षण किया


सहरसा, 05 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय विकास योजना के अंतर्गत ग्राम स्तर पर स्थापित मृदा जांच प्रयोगशाला का मंगलवार को सहायक निदेशक (रसायन) अमितेश कुमार निरीक्षण करने बड़गांव पहुंचे। जहां बीते 31 मार्च से स्थापित प्रयोगशाला का निरीक्षण किया गया। जिसे जल्द किसानों की सेवा शुरू करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक ने प्रयोगशाला में उपलब्ध मशीनरी, रसायन (केमिकल), उपकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं संपूर्ण सेटअप का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सैंपल परीक्षण की प्रक्रिया, लैब की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों का भी जायजा लिया।

सहायक निदेशक ने बताया कि प्रयोगशाला बेहद सुव्यवस्थित और आधुनिक तरीके से तैयार की गई है। जिले में अब तक देखे गए सेटअप में यह लैब काफी उत्कृष्ट स्तर की है। जो सभी आवश्यक मानकों को पूरा करती है।

प्रयोगशाला संचालक संजीत कुमार झा द्वारा तैयार की गई थी। जिन्होंने किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ स्थापित किया था। उन्होंने कहा कि इस तरह की मृदा जांच प्रयोगशालाएं किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगी। इससे किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के आधार पर वैज्ञानिक खेती अपनाने, सही उर्वरक के चयन और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी बताया कि लैब के शुरू होने के बाद स्थानीय किसानों को अपने ही क्षेत्र में त्वरित और सटीक मृदा जांच सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story