छपरा में जलजमाव पर विधानसभा में विधायक छोटी कुमारी ने बुडको और नगर निगम को घेरा
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। बिहार विधानसभा के शून्यकाल के दौरान छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने छपरा नगर निगम एवं प्रभुनाथ नगर समेत विभिन्न मोहल्लों में वर्षों से जलजमाव की समस्या को उठाया।
विधायक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है कि हल्की बारिश में ही पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता है, जिससे हजारों लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाता है।
विधायक ने सदन में दुख जताते हुए कहा कि पूर्व में भी इस मुद्दे को उठाया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। जलजमाव के कारण सड़कों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है। वहीं घरों और दुकानों में पानी घुसने से आम लोगों तथा स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। समुचित जलनिकासी न होने से क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है।
नगर निगम और बुडको की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अरबों रुपये की लागत से सड़क व नाला निर्माण कराया जा रहा है, फिर भी अधिकांश परियोजनाएं अधूरी हैं। निर्माण कार्यों में अत्यधिक विलंब, घोर लापरवाही और निगरानी के अभाव के कारण जनता को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जलजमाव से मुक्ति के लिए युद्धस्तर पर कदम उठाए जाएं, लंबित निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए, लापरवाह अधिकारियों व एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई हो तथा प्रभावितों को उचित क्षतिपूर्ति दी जाए। विधायक ने स्पष्ट किया कि छपरा की जनता के अधिकारों की यह लड़ाई आगे भी मजबूती से जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

