भागलपुर पहुंचे अश्विनी कुमार चौबे, कार्यकर्ताओं को दिया विकसित भारत और जनसेवा का संदेश
भागलपुर, 30 मई (हि.स.)। जिले के नाथनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रेस से बातचीत में चौबे ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे यह सुनिश्चित करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि देशभर में जनधन योजना, कृषि, सिंचाई और अन्य कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। जिनके बारे में लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने का आह्वान किया। अश्विनी चौबे ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा।
उन्होंने बिहार में केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय को विकास की गति बढ़ाने वाला बताया। भागलपुर के विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने मरीन ड्राइव परियोजना और हवाई अड्डा निर्माण की योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को कभी सपना माना जाता था वे अब धीरे-धीरे धरातल पर उतर रही हैं। इससे क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन मोड में काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बताते हुए जनता से जुड़े रहने की सलाह दी।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

