नवजात की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहीं आशा कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
नवजात की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहीं आशा कार्यकर्ता


किशनगंज, 29 नवंबर (हि.स.)। नवजात शिशु के जीवन के शुरुआती 42 दिन स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान संक्रमण, कुपोषण, कम वजन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में जिले में आशा कार्यकर्ता गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल (एचबीएनसी) कार्यक्रम के तहत घर-घर पहुंचकर बच्चों की सेहत की निगरानी कर रही हैं। साथ ही माताओं और परिजनों को नवजात की बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक कर रही हैं।

एचबीएनसी कार्यक्रम के तहत संस्थागत प्रसव के बाद आशा कार्यकर्ताओं द्वारा नवजात के जन्म से 42वें दिन तक निर्धारित अंतराल पर छह गृह भ्रमण किए जाते हैं। इस दौरान बच्चे की सांस लेने की गति, स्तनपान, शरीर का तापमान, वजन, नाभि की स्थिति और संक्रमण के लक्षणों की जांच की जाती है। किसी भी असामान्य स्थिति में परिवार को तत्काल स्वास्थ्य संस्थान पहुंचने की सलाह दी जाती है।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि नवजात की देखभाल में शुरुआती सप्ताह काफी संवेदनशील होते हैं। समय पर स्वास्थ्य जांच और खतरे के संकेतों की पहचान से गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव है। आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और परिवार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रही हैं। गृह भ्रमण के दौरान माताओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने और छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने की सलाह दी जाती है। नवजात को शहद, घुट्टी और पानी नहीं देने के बारे में भी समझाया जाता है। इसके अलावा बच्चे को गर्म रखने, नाभि को साफ और सूखा रखने तथा बच्चे को छूने से पहले हाथ धोने की जानकारी दी जाती है। आशा कार्यकर्ता मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन (एमसीपी) कार्ड के माध्यम से बच्चे के वजन, टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दर्ज कराने में सहयोग करती हैं। कम वजन और समय से पहले जन्मे बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। परिजनों को दूध नहीं पीना, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक सुस्ती, शरीर ठंडा पड़ना और झटके आने जैसे खतरे के संकेतों की जानकारी दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य एचबीएनसी कार्यक्रम के माध्यम से नवजात मृत्यु दर में कमी लाना और प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ जीवन की शुरुआत सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story