वन विभाग के अपर सचिव ने राजगीर नेचर व जू सफारी का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
वन विभाग के अपर सचिव ने राजगीर नेचर व जू सफारी का लिया जायजा


बिहारशरीफ 23 फ़रवरी (हि.स.)। विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना चुका राजगीर अब देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण बनता जा रहा है। लगातार बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने नेचर सफारी और जू सफारी की टिकट संख्या प्रतिदिन 1000 से बढ़ाकर 2000 करने का निर्णय लिया है। यह घोषणा सोमवार को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने राजगीर के विभिन्न पर्यटन स्थलों का निरीक्षण करने के बाद की।

उन्होंने बताया कि राजगीर पर्यटन और वन विभाग दोनों के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है और सरकार इसे राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए कई नई योजनाओं पर काम कर रही है।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि पिछले एक वर्ष में नेचर सफारी और जू सफारी से लगभग 20 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो इस परियोजना की लोकप्रियता और सफलता को दर्शाता है। इसी अवधि में करीब तीन लाख पर्यटक सफारी का आनंद ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि टिकटों की संख्या बढ़ाने का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को लंबी कतार और प्रतीक्षा से राहत देना है ताकि अधिक लोग सुविधाजनक तरीके से सफारी का अनुभव कर सकें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं बल्कि उन्हें बेहतर अनुभव देना है। इसी के तहत परिवहन, ठहराव, सुरक्षा, नेटवर्क और मनोरंजन सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नेचर सफारी परिसर में 50-50 कमरों के दो आधुनिक गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे। इसके अलावा वेटिंग हॉल, कैफेटेरिया और विश्राम स्थल की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि परिवार सहित आने वाले पर्यटक आराम से समय बिता सकें। जंगल क्षेत्र में नेटवर्क समस्या को दूर करने के लिए फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। साथ ही 20 स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। जंगल तक जाने वाली सड़कों का चौड़ीकरण कर पाथवे बनाया जाएगा ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story