आसनपुर कूपहा में सामुदायिक किचन का निरीक्षण, करीब 200 प्रभावित लोगों ने किया भोजन
सुपौल, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ एवं जलजमाव से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सामुदायिक किचनों की व्यवस्था का प्रशासन द्वारा लगातार जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन ने किशनपुर अंचल अंतर्गत आसनपुर कूपहा में संचालित सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक किचन में करीब 200 प्रभावित लोग भोजन करते हुए पाए गए। इनमें बच्चों एवं महिलाओं की संख्या अधिक थी। प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक किचन में दाल, चावल तथा सोयाबीन-आलू की सब्जी तैयार की गई थी। सभी लोगों को स्टील की प्लेट में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था।
अपर समाहर्ता ने भोजन की गुणवत्ता एवं सामुदायिक किचन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता संतोषप्रद पाई गई।
उन्होंने मौके पर मौजूद अंचल अधिकारी को सामुदायिक किचन परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को समय पर पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सामुदायिक किचन में आने वाले लोगों की सुविधा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। प्रशासन की ओर से राहत कार्यों की लगातार निगरानी किए जाने की बात भी कही गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

