बाबा बसावन की भक्ति में रंगे कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, मनोरियों संग जमकर झूमे

WhatsApp Channel Join Now
बाबा बसावन की भक्ति में रंगे कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, मनोरियों संग जमकर झूमे


बाबा बसावन की भक्ति में रंगे कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, मनोरियों संग जमकर झूमे


पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। वैशाली जिले के पानापुर लंगा स्थित बाबा बसावन धाम मंदिर में आयोजित बाबा बसावन की 301वीं पुण्यतिथि पखवाड़ा समारोह में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा बसावन की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं के साथ भक्ति में पूरी तरह से रम गए।

समारोह के दौरान लोक कलाकारों और मनोरियों की प्रस्तुति पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार भी उनके साथ झूमते नजर आए। बाबा बसावन के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं के साथ मंत्री ने भी बाबा बसावन की भक्ति में सहभागिता की।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों और मनोरियों की मांगों पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार सरकार बाबा बसावन धाम के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से यहां दशहरा और बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाले उत्सव को राजकीय उत्सव का स्वरूप दिया जाएगा।

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की समृद्ध लोक परंपराएं, लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान हैं। सरकार का प्रयास है कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को संरक्षण और प्रोत्साहन देकर उन्हें व्यापक पहचान दिलाई जाए तथा लोक कलाकारों और पारंपरिक कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम में विधायक अवधेश सिंह, विधायक संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा, शत्रुघ्न चंद्रवंशी, राजकुमार पाल, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में लोक गायक, कलाकार एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story