समकालीन अभियान में 44 लोग गिरफ्तार
भागलपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के हवाले से शुक्रवार को बताया गया कि 25 फरवरी से 26 फरवरी तक जिले में विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब पर कार्रवाई तथा यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान पुलिस ने व्यापक स्तर पर छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। अभियान के दौरान कुल 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 22 वारंटियों को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इसके अलावा अन्य कांडों में भी 16 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में 6 अभियुक्तों को जेल भेजा है। शराबबंदी कानून के तहत भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने शराब के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, शराब सेवन के आरोप में 16 लोगों को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। बरामद शराब में 3777.75 लीटर विदेशी शराब और 142 लीटर देसी शराब शामिल है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चार खोखा, 100 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, पांच बाइक, दो लैपटॉप, दो टैब, एक प्रिंटर, एक स्कैनर, एक चार्जर, एक माउस और एक की-बोर्ड भी जब्त किया है। वाहन जांच अभियान के तहत 1574 वाहनों की जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों के उल्लंघन पर 17,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों में भय बना रहे और आम जनता सुरक्षित महसूस करे। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

