गुप्ताधाम में श्रावण मास के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा की होगी व्यवस्थाः डीएम

WhatsApp Channel Join Now
गुप्ताधाम में श्रावण मास के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा की होगी व्यवस्थाः डीएम


गुप्ताधाम में श्रावण मास के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा की होगी व्यवस्थाः डीएम


डेहरी आन सोन, 09 जुलाई (हि.स.)। रोहतास जिले चेनारी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध गुप्ताधाम में श्रावण मास के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज को वन विश्रामागार बादलगढ़, चेनारी में जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक,रौशन कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम-1, गुप्ताधाम पूजा समिति के अध्यक्ष, संबंधित विभागों के पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों के साथ गुप्ताधाम का स्थलीय निरीक्षण कर गुफा परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में गुप्ताधाम पूजा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि श्रावण मास में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गुप्ताधाम पहुंचते हैं तथा व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति द्वारा बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाती है। इस पर जिला पदाधिकारी ने पूजा समिति को सभी स्वयंसेवकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि उनका पहचान-पत्र निर्गत किया जा सके और वे सुव्यवस्थित ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

जिला पदाधिकारी ने गुफा के भीतर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराने तथा गुफा की ऑक्सीजन क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

सावन माह में गुप्ताधाम क्षेत्र में चार पहिया एवं बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि गुफा के प्रवेश द्वार से लगभग 50 मीटर पहले बैरिकेडिंग कर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को नियंत्रित एवं व्यवस्थित तरीके से गुफा में प्रवेश कर सके। उन्होंने निर्देश दिया कि गुफा से 50 मीटर की परिधि के भीतर किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गुप्ताधाम परिसर में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने हेतु कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को निर्देशित किया। इसके साथ ही गुफा के अंदर एवं बाहर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग के कनीय अभियंता को नंगे विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया।

श्रद्धालुओं की सहायता एवं त्वरित सूचना उपलब्ध कराने के लिए गुप्ताधाम परिसर में हेल्पडेस्क स्थापित करने तथा अनुमंडल स्तर पर विभिन्न स्थानों पर कंट्रोल रूम संचालित करने का भी निर्णय लिया गया। सिविल सर्जन को एम्बुलेंस की व्यवस्था एवं मेडिकल कैंप लगाने का निर्देश दिया गया।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष, चेनारी को निर्देश दिया कि श्रावण मेला अवधि के दौरान गुप्ताधाम में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Share this story